देबारी-अंबेरी हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रेलर से टकराई कार; 3 की मौत, 2 घायल

उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के देबारी-अंबेरी हाईवे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में होंडा सिटी कार सवार दो युवकों और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। वहीं ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार होंडा सिटी कार देबारी से अंबेरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर कार अचानक अनियंत्रित होकर उछल गई और सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना अधिकारी अजय सिंह राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभाली और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार युवक-युवती पेसिफिक कॉलेज के स्टूडेंट बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

फिलहाल प्रतापनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और कार अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण रहा, इसे लेकर पुलिस घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है।

Spread the love