उदयपुर। प्रतापनगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी फुरकान हुसैन पुत्र शब्बीर हुसैन, निवासी जलगांव, महाराष्ट्र, हाल निवासी उदय विहार कॉलोनी, उदयपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कॉटन मिल के पास अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद प्रतापनगर थाना पुलिस और DST की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। हथियार के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से पिस्टल बरामद की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने यह पिस्टल कहां से और किस व्यक्ति से खरीदी थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हथियार को किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था। पुलिस अब हथियार के मुख्य सोर्स तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है।
