पल पल राजस्थान
राजसमंद। राजसमंद जिले की देवगढ़ पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस व दो धारदार छुरे बरामद किए। देवगढ़ पुलिस थाना इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार नेशनल हाईवे नम्बर 8 आए दिन मारपीट, लडाई झगड़े व अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया। जिसके बाद पुलिस की टीमों द्वारा लगातार संदिग्ध बदमाशों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से 3 संदिग्ध युवकों की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश होटल, ढाबों सहित कई स्थानों पर की। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि एक युवक के पास पिस्टल है।
पुलिस की टीम हाईवे से कुण्डेली जाने वाले रोड पर पहुंची जहां एक युवक मिला। युवक ने जब पुलिस का जाब्ता देखा तो वो भागने लगा। जिसके बाद पुलिस ने पकड़ कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल व जेब में एक पीतल का कारतूस मिला। जिसके बाद पुलिस ने युवक नरेन्द्र सिंह उर्फ छोटू (26) पुत्र शंकर सिंह रावत निवासी पेलाडोल भीम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अवैध पिस्टल को लेकर पूछताछ कर रही है।