फोर्टी (FORTI) व एमएसएमई (MSME) मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से बालोतरा में आयोजित हुआ पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम

बालोतरा। फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (FORTI), एमएसएमई विकास कार्यालय (भारत सरकार) एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, बालोतरा के संयुक्त सहयोग से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण महाविद्यालय बालोतरा में पीएम विश्वकर्मा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई मंत्रालय- भारत सरकार से असिस्टेंट डायरेक्टर तरूण भटनागर व संजय मीणा तथा इंस्पेक्टर नरेंद्रकुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने पीएम विश्वकर्मा योजना, एमएसएमई (MSME) योजनाओं, उद्यमिता विकास, डिजिटल साक्षरता, मार्केट लिंकिंग और सरकार की ओर से उपलब्ध विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला उद्योग केंद्र- बालोतरा से दुष्यंत ने औद्योगिक नीतियों, पंजीकरण प्रक्रियाओं और सरकारी सुविधाओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

इनके अलावा कार्यक्रम में मौजूद अग्रणी बैंकों के अधिकारियों ने पीएम विश्वकर्मा योजना में उपलब्ध लोन, ब्याज सब्सिडी, क्रेडिट सुविधा व बैंकिंग डॉक्यूमेंटेशन सहित कई विषयों पर प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसी प्रकार फोर्टी बालोतरा टीम के नरेश खंडेलवाल व नवनीत पंवार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा फोर्टी के उद्देश्यों, व्यापारी-उद्योगपति वर्ग के लिए चलाए जा रहे प्रयासों तथा सदस्यता के लाभों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यवसायियों, प्रोफेशनल्स, महिलाओं व युवा उद्यमी उम्मीदवारों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता, प्रशिक्षण, मार्केटिंग सपोर्ट, लोन सुविधा एवं उद्यमिता अवसरों के बारे जानकारी प्राप्त की। फोर्टी (FORTI) टीम ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों के एमएसएमई (MSME) सेक्टर को मजबूत किया जा सके।

Spread the love