पत्नी ने पुलिस पर लगाया पति से मारपीट का आरोप:एसपी को शिकायत कर की कार्रवाई की मांग, गोवर्धन विलास थाने का मामला

उदयपुर. एक महिला ने गोवर्धन विलास थाना पुलिस पर अपने पति से बुरी तरह मारपीट करने और उसे झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया है। महिला शाकिरा ने इस संबंध में एसपी डॉ अमृता दुहन के समक्ष पेश होकर शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। महिला ने बताया कि ​बीट इंचार्ज विक्रम सिंह उसके पति को घर से जबरन उठाकर ले गए और थाने में बुरी तरह मारपीट की।

मैं जब थाने में पति से मिलने गई तो मुझे मिलने से रोका गया। बाद में जबर्दस्ती मिली और पति की हालत देखी तो उनकी आंखों में ब्लड जमा था। उन्हें पैरों से चला नहीं जा रहा था। शरीर पर चोट के निशान थे। महिला ने बताया कि मेरे पति का होली पर्व के दिन बाइक हटाने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था, तब से कांस्टेबल विक्रम सिंह और जसवंत सिंह आए दिन उन्हें परेशान करते हैं।

थाने का हिस्ट्रीशीटर है, लोगों को डरा-धमकाता है: कांस्टेबल बीट कांस्टेबल विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी सिकंदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ आए दिन लोगों को डरा-धमकाकर परेशान करने की शिकायत मिलती है। इससे पहले इसे 19 मार्च और बाद में 24 मार्च को भी पाबंद किया गया था। फिर से ऐसी ही शिकायत मिलने पर हम इसे थाने लेकर आए और पूछताछ की। मारपीट नहीं की है। चोट के निशान पहले के हैं।

Spread the love