राजस्थान में बदला मौसम, कोटा में बारिश के साथ ओले, कई जिलों में अलर्ट

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार दोपहर को कोटा में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवा के कारण एक पेड़ गिरने की भी सूचना है।

इसके अलावा अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। जैसलमेर में दोपहर के समय तेज आंधी चली, जबकि जयपुर और जोधपुर सहित कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहे।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम का यह असर 31 मार्च तक बने रहने की संभावना है।

वहीं 1 अप्रैल से मौसम के साफ होने के आसार हैं और प्रदेश में फिर से सूखा (ड्राय) मौसम लौटेगा।

इससे पहले रविवार को इस सिस्टम का असर कमजोर रहा था। बीकानेर संभाग में तेज धूप रही, जबकि जालोर, सिरोही और पाली में हल्के बादल नजर आए। जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान साफ रहा था।

Spread the love