
बरसात के मौसम में विद्यालय जाने वाली छात्राओं को मौसम की परेशानियों से बचाने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रेरणा परिवार द्वारा एक जनहितकारी पहल की गई है। इसी क्रम में शनिवार को अंबा माता क्षेत्र की एकलव्य कॉलोनी स्थित राजकीय विद्यालय में 101 छात्राओं को छाते वितरित किए गए।
संस्था की सदस्या अनुश्री तंबोली ने बताया कि वर्षा ऋतु में कई बार बालिकाएं भीगने के डर से स्कूल नहीं जा पाती हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रेरणा परिवार ने मानसून के दौरान सरकारी स्कूलों की बालिकाओं को छाते देने की योजना बनाई है।
उन्होंने बताया कि आगे भी इस तरह के छाता वितरण कार्यक्रम अन्य विद्यालयों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस पहल का लाभ ले सकें।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों ने प्रेरणा परिवार के इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए आभार जताया और इसे बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।