
उदयपुर। होली के त्योहार और पर्यटन सीजन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उदयपुर सिटी से योग नगरी ऋषिकेश के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे घर जाने वाले और उत्तराखंड घूमने की योजना बना रहे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उदयपुर सिटी–योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक स्पेशल (गाड़ी संख्या 09609) 3 मार्च से 31 मार्च तक संचालित होगी। यह ट्रेन हर मंगलवार दोपहर 1:45 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से रवाना होकर अगले दिन बुधवार सुबह 10:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। मार्च महीने में यह ट्रेन कुल 5 फेरे लगाएगी।
वापसी में योग नगरी ऋषिकेश–उदयपुर सिटी स्पेशल (गाड़ी संख्या 09610) 4 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगी। यह हर बुधवार शाम 5:55 बजे ऋषिकेश से रवाना होकर अगले दिन गुरुवार दोपहर 3:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में भी यह ट्रेन कुल 5 ट्रिप पूरी करेगी।
मार्च में होली के चलते बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा करते हैं। उदयपुर से सीधी ट्रेन सुविधा मिलने से मेवाड़ सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नियमित ट्रेनों और बसों में लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेन राणाप्रतापनगर, मावली, फतेहनगर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, मांडल, विजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, शामली, रामपुर मनिहारान, टपरी जंक्शन, रुड़की और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
ट्रेन में 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 सेकंड स्लीपर, 4 जनरल कैटेगरी, 1 पावरकार और 1 गार्ड कोच सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे को उम्मीद है कि इस विशेष सेवा से त्योहार के दौरान यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
