उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देह व्यापार में लिप्त 11 युवतियां और दलाल गिरफ्तार

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

Udaipur News उदयपुर पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के गोवर्धनविलास क्षेत्र में एक होटल से 11 युवतियों और दलाल को गिरफ्तार किया है।

उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर वृताधिकारी सूरवीर सिंह राठौड़ और थानाधिकारी दिनेश सिंह झाला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। सूचना के अनुसार, गोवर्धनविलास क्षेत्र में एक होटल में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर होटल में एंट्री ली। दलाल ओम प्रकाश जैन ने सौदा तय करने के बाद जैसे ही युवतियों को पेश किया, पुलिस ने तुरंत दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवतियां मुंबई, दिल्ली, बाराबंकी, कोलकाता और आगरा की रहने वाली हैं। मुख्य आरोपी उदयपुर के शांति नगर निवासी ओम प्रकाश जैन है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस ने सभी आरोपियों पर अनैतिक व्यापार की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवतियों से पूछताछ की जा रही है कि वे किस नेटवर्क के तहत इस धंधे में शामिल हुईं। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास में है।

पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा कि “अवैध देह व्यापार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीम लगातार इस तरह के अनैतिक कार्यों पर नजर रख रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

Spread the love