
उदयपुर। उदयपुर की झाड़ोल थाना पुलिस ने रात को घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी फैलीराम मीणा ने बताया कि छह महीने से फरार चल रहे आरोपी ईश्वरलाल पुत्र लालुराम, निवासी चतरपुरा झाड़ोल को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में पहले से ही एक आरोपी को पकड़ा जा चुका है। थानाधिकारी ने बताया कि 14 जून 2025 को प्रार्थी मुंशीलाल पिता भेराजी ने थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि 13 जून 2025 की रात करीब 11 बजे की है, जब पीड़ित मुंशीलाल पुत्र भेराजी और उनका भतीजा घर पर आराम कर रहे थे। अचानक कुछ अज्ञात लोग दरवाजा खटखटाने लगे। जैसे ही दरवाजा खोला गया, देवीलाल पुत्र राजू, नीमा पुत्र वजू, प्रवीण पुत्र राजू, किशन पुत्र लालू और ईश्वर पुत्र लालू समेत 6-7 नकाबपोश हमलावर जबरन अंदर घुस आए। उन्होंने लाठी, कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपी किशन ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया और बाकी साथियों ने लात-घूसों से मारा। जिससे शरीर पर गंभीर चोट लगी। बीच-बचाव में आए भतीजे के साथ भी बुरी तरह मारपीट की गई। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन सभी गांव से बाहर जाकर फरार हो गए थे।
