
उदयपुर। झीलों की नगरी में आयोजित प्रथम ‘राजस्थान ट्रैवल एंड टूरिज़्म फ़ेयर’ (RTTF) के दूसरे दिन चित्रकूट नगर स्थित थर्ड स्पेस में जबरदस्त उत्साह और व्यापारिक गहमागहमी देखने को मिली। 9 से 11 जनवरी तक चलने वाले इस तीन दिवसीय एक्सपो ने शनिवार को उदयपुर के पर्यटन जगत में एक नई ऊर्जा भर दी। देशभर से जुटे होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एक्सपर्ट्स और टूर ऑपरेटर्स के बीच भविष्य की साझेदारियों और नए पर्यटन पैकेजों को लेकर मैराथन बैठकों का दौर चला।
बिजनेस नेटवर्किंग और नए करारों पर जोर आयोजक कमल शाह ने जानकारी दी कि मेले का दूसरा दिन पूरी तरह से ‘बी-टू-बी’ (B2B) मीटिंग्स और नेटवर्किंग के नाम रहा। एक्सपो में लगे विभिन्न स्टॉल्स पर देशभर के होटल्स, रिसॉर्ट्स, होम-स्टे और हेरिटेज प्रॉपर्टीज के नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। उदयपुर सहित मेवाड़ अंचल के पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों की ट्रैवल एजेंसियों के बीच अहम व्यापारिक समझौते हुए।
सरकारी उपेक्षा से पर्यटन जगत में आक्रोश आयोजन की भव्यता और सफलता के बीच एक कड़वा सच भी सामने आया। झीलों की नगरी में पर्यटन का इतना बड़ा मंच सजने के बावजूद राज्य सरकार और पर्यटन विभाग की उदासीनता चर्चा का विषय बनी रही। आयोजन स्थल पर मौजूद होटल और पर्यटन व्यवसायियों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग के पूर्ण सहयोग के बिना इस तरह के आयोजनों को सफल बनाना चुनौतीपूर्ण है। पर्यटन विभाग का यह रवैया उद्योग से जुड़े लोगों को काफी अखर रहा है।
दिग्गजों की मौजूदगी और कल होगा समापन इस गरिमामय आयोजन में होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान के अध्यक्ष सुभाष सिंह राणावत, चेंबर ऑफ कॉमर्स उदयपुर के अध्यक्ष मनीष गलुंडिया, होटल एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष सुदर्शन सिंह, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (उदयपुर डिवीजन) के अध्यक्ष राकेश चौधरी, ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष नरपत सिंह और यूनाइटेड होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष यू. बी. श्रीवास्तव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रविवार को इस भव्य एक्सपो का समापन होगा, जिसमें कई महत्वपूर्ण बैठकों और भावी योजनाओं पर मुहर लगने की उम्मीद है।
