उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, खाली कराया गया पूरा परिसर

उदयपुर में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके को तुरंत खाली करवाया गया। वर्किंग टाइम होने के कारण कोर्ट में वकीलों, पक्षकारों और आम लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी।

जानकारी के अनुसार, करीब दोपहर 1 बजे ईमेल के जरिए कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए एक-एक कर सभी लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में कोर्ट रूम, गलियारों और बरामदों में सन्नाटा छा गया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और बाहर सड़कों पर जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

बम स्क्वॉड और एटीएस की टीमों ने कोर्ट परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कोर्ट के कमरों, कैंटीन, पार्किंग और अन्य सभी हिस्सों की बारीकी से जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the love