उदयपुर CMHO पर भ्रष्टाचार के मामले में गिर सकती गाज

उदयपुर। उदयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शंकरलाल बामणिया पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अब कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य सरकार ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच के लिए मंजूरी दे दी है। शासन संयुक्त सचिव निशा मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को आगे की कार्रवाई की अनुमति प्रदान की है।

एसीबी को डॉ. बामणिया के खिलाफ पद के दुरुपयोग और टेंडरों में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। प्रारंभिक जांच के बाद मामला विस्तृत जांच योग्य पाया गया, जिसके बाद एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत सरकार से अभियोजन स्वीकृति मांगी थी। विभागीय मंत्री से पूर्वानुमोदन मिलने के बाद अब एसीबी को जांच आगे बढ़ाने की अनुमति मिल गई है।

गौरतलब है कि उदयपुर में फिलहाल दो सीएमएचओ कार्यरत हैं—डॉ. अशोक आदित्य और डॉ. शंकरलाल बामणिया। विभागीय प्रशासनिक अधिकार डॉ. अशोक आदित्य के पास हैं, जबकि डॉ. बामणिया हाईकोर्ट के आदेश पर पद पर बने हुए हैं।

सरकार से अनुमति मिलने के बाद अब एसीबी डॉ. बामणिया के कार्यकाल, टेंडर प्रक्रिया और संपत्तियों की जांच कर सकती है। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद उदयपुर के चिकित्सा विभाग में हलचल मच गई है।

Spread the love