उदयपुर NH 76 पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रोले की टक्कर से भेंसड़ा कला के उप सरपंच पति किशनलाल डांगी की मौत

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

उदयपुर। उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हादसा बीएसएफ कैंप के पास अम्बेरी से इसवाल रोड और एनएच-76 के डांगियों का गुड़ा मोड़ पर हुआ, जहां एक खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रोले ने भीषण टक्कर मार दी। इस हादसे में भेंसड़ा कला के उपसरपंच पति किशनलाल डांगी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन किसी तकनीकी खराबी के चलते मेन हाइवे पर खड़ा था। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रोले ने संतुलन खोते हुए सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में भी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना पर सुखेर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ट्रोला तेज गति में था और मोड़ पर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। ट्रोले को जब्त कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

घटना के चलते एनएच-76 पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शीघ्र ही सामान्य कर दिया।

Spread the love