भीलवाड़ा में दर्दनाक हादसा: कार-वैन की टक्कर के बाद वैन में लगी आग, ड्राइवर जिंदा जला

पल पल राजस्थान

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में एक वैन और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में वैन पुलिया से नीचे जा गिरी और आग की लपटों में घिर गई। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसा गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नेशनल हाईवे 27 पर फूलजी खेड़ी गांव के पास हुआ। मांडलगढ़ निवासी 35 वर्षीय राजकुमार ब्रह्मभट्ट अपनी इको वैन से बेगूं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन हवा में उछलकर पुलिया से नीचे 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गिरते ही वैन में धमाके के साथ आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह जलकर खाक हो गई। ड्राइवर राजकुमार वैन में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मांडलगढ़ थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

वैन में सवार ड्राइवर की पहचान मांडलगढ़ निवासी राजकुमार ब्रह्मभट्ट के रूप में हुई है। वैन में आग लगने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Spread the love