
Udaipur के अंबामाता थाना क्षेत्र में होटल संचालक की कार पर पत्थर मारकर कांच फोड़ने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठे थे, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुभाष लोहरा (51) पुत्र मोहनलाल लोहरा, निवासी अंबामाता स्कीम है, जो साफ-सफाई का काम करता है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
यह घटना जाड़ा गणेशजी चौक स्थित होटल दुर्ग विला के बाहर बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है, जहां आरोपी ने नशे की हालत में सड़क किनारे से बड़ा पत्थर उठाकर होटल संचालक की कार के पीछे के कांच पर दे मारा था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर दो पुलिसकर्मी भी तैनात थे, लेकिन उन्होंने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में नाराजगी थी और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे।
कार होटल मंदिरम पैलेस के संचालक आशीष रामस्नेही की थी, जिन्होंने अंबामाता थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
