पल पल राजस्थान
कोटा। कोटा में एक युवक को सोशल मीडिया पर अवैध पिस्टल के साथ फोटो डालना महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट कर आमजन में डर फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोटा शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के डडवाड़ा इलाके में रहने वाले युवक राजपाल जादौन ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ दो तस्वीरें पोस्ट की थीं। तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और युवक को गिरफ्तार कर लिया।
शहर की एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि अवैध हथियारों को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ रही गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों की तस्वीरें डालना कानूनन अपराध है। इससे समाज में भय फैलता है और युवाओं पर गलत असर पड़ता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच में पता चला है कि राजपाल के पास हथियार का कोई लाइसेंस नहीं है। इंस्टाग्राम पर पिस्टल की फोटो डालने के पीछे उसका उद्देश्य लोगों में डर फैलाना था। आरोपी के फोन से हथियार की तस्वीरें बरामद की गई हैं। अब यह जांच की जा रही है कि पिस्टल असली है या नकली, और उसे कहाँ से लाया गया।
