लेकसिटी में तूफान का कहर: सुखाड़िया सर्कल पर मोहन लाल सुखाड़िया की प्रतिमा धराशायी

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

उदयपुर। लेकसिटी में बीती रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश ने शहर में तबाही मचा दी। तेज रफ्तार हवाओं के चलते कई पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। इस तूफानी मौसम का सबसे बड़ा असर शहर के प्रमुख स्थल सुखाड़िया सर्किल पर देखने को मिला, जहां राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया की प्रतिमा एक पेड़ गिरने से टूट कर नीचे गिर गई।

जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रेनिंग ग्राउंड में खड़ा एक विशालकाय पेड़ तेज हवाओं के चलते जड़ से उखड़ गया और सीधे सुखाड़िया की प्रतिमा पर गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतिमा टूटकर नीचे गिर पड़ी।घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को तत्काल वहां से हटाकर निगम के गैराज में सुरक्षित रखवाया गया। घटना के बाद शहर विधायक तारा चंद जैन ने नगर निगम के गैराज का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहन लाल सुखाड़िया की प्रतिमा को जल्द से जल्द पूर्व स्थान पर पुनः स्थापित किया जाए। शहरवासियों में इस घटना को लेकर दुख और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। नगर निगम ने आश्वासन दिया है कि नई प्रतिमा जल्द ही स्थापित की जाएगी और स्थल को फिर से पूर्व रूप में सजाया जाएगा। लेकसिटी में हुए इस अप्रत्याशित मौसम बदलाव ने एक बार फिर शहर की व्यवस्थाओं को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *