
उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ बेकाबू रफ्तार से दौड़ रहे एक मिनी ट्रक ने साइकिल से घर लौट रहे 11 वर्षीय स्कूली छात्र को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप का पहिया मासूम के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशापुरा नगर निवासी गोरांग शर्मा रोज की तरह अपनी स्कूल की छुट्टी होने के बाद साइकिल पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह नाकोड़ा नगर के पास पहुँचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा सड़क पर जा गिरा और गाड़ी का टायर उसे रौंदते हुए निकल गया। हादसे में गोरांग की साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके पर पकड़े जाने के डर से मिनी ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में बच्चे को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुँचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें ढांढस बंधाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने गुरुवार को मासूम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
