जयपुर में दुकानदार ने किया नाबालिग लड़की से रेप:मुंह दबाकर उठा ले गया पड़ोसी, ढूंढते हुए पहुंचे परिजनों को देख भागा

जयपुर में 12-साल की लड़की से पड़ोसी दुकानदार के रेप करने का मामला सामने आया है। रोड पर अकेला पाकर आरोपी दुकानदार मुंह दबाकर नाबालिग को उठा ले गया। ढूंढते हुए पहुंचे परिजनों को देखकर नाबालिग को छोड़कर भाग निकला। रामनगरिया थाना पुलिस ने दो महीने से फरार चल रहे आरोपी दुकानदार को हरियाणा से धर-दबोचा। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।

डीसीपी (ईस्ट) संजीव नैन ने बताया- रामनगरिया इलाके में रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। कॉलोनी में दुकान करने वाले 59 वर्षीय दुकानदार ने 12 साल की बेटी के साथ रेप किया। शिकायत में बताया- 23 नवम्बर को सुबह उनकी नाबालिग बेटी कोई चीज खरीदने के लिए घर से निकली थी। रोड पर अकेला पाकर आरोपी दुकानदार मुंह दबाकर नाबालिग को उठा ले गया। एक कमरे पर ले जाकर नाबालिग के साथ गलत काम किया। इस दौरान ढूंढते हुए परिजनों को स्थानीय लोगों ने आरोपी दुकानदार के साथ देखना बताया। परिजनों के ढूंढते हुए कमरे पर पहुंचने पर नाबालिग को छोड़कर आरोपी दुकानदार वहां से भाग निकला।

2 महीने से काट रहा था फरारी रामनगरिया थाने में नाबालिग पीड़िता के परिजनों ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस से बचने के लिए आरोपी दुकानदार जयपुर छोड़कर भाग निकला। पुलिस के दबिश देने पर वह जगह बदल-बदल कर फरारी काटता रहा। पुलिस ने हरियाणा के रेवाड़ी में दबिश देकर फरार आरोपी दुकानदार को धर-दबोचा।

Spread the love