पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
उदयपुर। राजस्थान की वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। आज राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के कई शीर्ष नेता उनके निवास पर पहुँचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेताओं ने डॉ. व्यास के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। इसके पश्चात कांग्रेस का ध्वज ओढ़ाकर पार्टी की ओर से सम्मान व्यक्त किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस अवसर पर कहा, “डॉ. गिरिजा व्यास का जाना कांग्रेस पार्टी और देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक प्रखर वक्ता, समाजसेवी और महिलाओं की सशक्त आवाज थीं। उनका जीवन समाजसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा।”
कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने भी डॉ. व्यास के राजनीतिक जीवन और सामाजिक योगदान को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
डॉ. गिरिजा व्यास लम्बे समय तक उदयपुर से सांसद और विधायक रहीं। वे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं और महिलाओं के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उनके निवास पर पहुँचकर अंतिम दर्शन कर रहे हैं।