पल पल राजस्थान
बाड़मेर। भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में की गई एयर स्ट्राइक के बाद पूरे देश में जहां जश्न का माहौल है, वहीं बॉर्डर इलाकों में अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
राजस्थान के बाड़मेर सहित 28 संवेदनशील स्थानों पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर मॉक ड्रिल की जा रही है।
बाड़मेर ज़िले में आज दोपहर 4 बजे से मॉक ड्रिल शुरू की जाएगी , जो करीब चार घंटे चलेगी। इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में सायरन बजाया गया और ब्लैकआउट भी किया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में लोगों की प्रतिक्रिया परखा जा सके।
कलेक्टर टीना डाबी
राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, और परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
मंगलवार रात जिला कलेक्टर टीना डाबी ने रेलवे स्टेशन से लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उनके साथ एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत और सीईओ रवि कुमार सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
बाड़मेर से सटे भारत-पाक सीमा पर हाई अलर्ट जारी है। बीएसएफ ने चौकसी बढ़ा दी है। बॉर्डर पुलिस थानों को अलर्ट पर रखा गया है, और हर बाहरी व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, और उन्हें नियमित गश्त के आदेश दिए गए हैं।
एयर स्ट्राइक के बाद देशवासियों के मन में जहां गर्व और उत्साह है, वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
बाड़मेर की यह मॉक ड्रिल एक सशक्त संदेश है कि देश हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

