माँ आँजणा के दरबार में आकर स्वयं को सौभाग्यशाली समझता हूँ : क़ानून मंत्री जोगाराम पटेल

सलूम्बर। राजस्थान सरकार के क़ानून मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को एक दिवसीय सलूम्बर दौरे के दौरान सल्लाडा स्थित माँ आँजणा के दरबार में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि माँ आँजणा के दरबार में आकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।क़ानून मंत्री जोगाराम पटेल सैकड़ों वाहनों के क़ाफ़िले के साथ सलूम्बर पहुँचे, जहाँ उन्होंने जिला मुख्यालय पर सरदार पटेल सेना के कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात कर उनके सुझाव सुने। इसके पश्चात सल्लाडा में आयोजित समाजजन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं को सरदार पटेल सेना का एक साधारण कार्यकर्ता मानकर समाजहित में कार्य करेंगे।मंत्री पटेल ने कहा कि पटेल पाटीदार डांगी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और इस समाज के योगदान को राजस्थान के मानचित्र में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति में समाज की पहचान और वजूद स्थापित करना आवश्यक है। जब समाज संगठित होकर ताक़त देगा, तब समाज स्वयं मज़बूत बनेगा।इस अवसर पर सरदार पटेल सेना के राष्ट्रीय संयोजक कवि सुनील पटेल ने कहा कि पटेल समाज ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और राजनीतिक क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर पटेल पाटीदार डांगी समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र डांगी ने TSP क्षेत्र में OBC वर्ग को आरक्षण दिए जाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।एडवोकेट वीरेंद्र डांगी ने समाज की 10 सूत्रीय मांगों को सरकार द्वारा अमल में लाने तथा क्षेत्र के किसान वर्ग को राहत प्रदान करने की मांग रखी। वहीं पूंजालाल पटेल ने सरदार पटेल जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग करते हुए लौह पुरुष के सम्मान को और अधिक बढ़ाने की बात कही।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सरदार पटेल सेना सलूम्बर के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र डांगी (चावंड) के नेतृत्व में जिले के सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।अन्य वक्ताओं में कानजी वेजपुर, पूंजालाल केजड़, देवीलाल ओरवाडिया, बाबरमल गिंगला, नाथुलाल माकड़सीमा, नाथुलाल कातनवाडा, मोहन बंडोली, गौतम सीपुर, शंकर सीपुर, परता दादा अमलोदा, कचरूलाल (नहरों का गुड़ा), महावीर बनोडा, ललित खेराड़, ललित बड़ावली, मुकेश खेराड़, रामजी इंदौड़ा, डायालाल नवाडेरा, भूरालाल काठड़ी, सुशील नेजपुर, श्यामसुंदर सतीरामपुर, लालशंकर मोकरवाडा, कमलेश गड़माला, कांतिलाल, कमलेश मांडवा, भेरा भाई, गोविंद चावंड सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन कवि सुनील पटेल ने किया जबकि आभार व्यक्त हीरालाल पटेल ओरवाडिया ने जताया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी दीपक पटेल ने दी ।

Spread the love