भीण्डर-फतहनगर मार्ग पर 9 माह में टूटी सड़क, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल

वल्लभनगर क्षेत्र के रूंडेड़ा में भीण्डर से फतहनगर मुख्य मार्ग पर मेनार डाक बंगला से रूंडेड़ा के बीच भेरुजी भट्ट के पास नौ महीने पहले बनी सड़क पहली ही बारिश में जगह-जगह से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। लाखों रुपये की लागत से बनी इस सड़क पर ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया है।

गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मार्ग हादसों का कारण बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ माह पहले इसी स्थान पर एक एम्बुलेंस भी गीली मिट्टी में धंस गई थी। उनका कहना है कि निर्माण के समय ही गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।

हाल ही में ठेकेदार ने दो गड्ढों में कंक्रीट और मिट्टी भरकर अस्थायी मरम्मत की, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कर स्थायी मरम्मत कराने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Spread the love