पति संग उदयपुर पहुंचीं Rashmika Mandanna, एयरपोर्ट पर फैंस को दिया फ्लाइंग किस

उदयपुर की हसीन वादियों में सात फेरे लेने के बाद, फिल्म जगत की सबसे चर्चित नई शादीशुदा जोड़ी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना पहली बार सार्वजनिक रूप से एक साथ नजर आए। पति पत्नी के तौर पर दोनों ने मीडिया का अभिवादन किया। इतना ही नहीं दोनों ही सितारे काफी खुश और एक्साइटेड दिखे। शादी के अगले ही दिन शुक्रवार को इस ‘पावर कपल’ को उदयपुर एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां से वे अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए हैदराबाद वापस रवाना हुए। दोनों की जोड़ी कमाल की लग रही थी और उन्हें देखकर फैंस और अधिक उत्साहित हो गए हैं।
एयरपोर्ट पर दिखा सादगी और प्यार का संगम
जैसे ही यह जोड़ा एयरपोर्ट पहुंचा वहां मौजूद पैपराजी और फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विजय और रश्मिका ने अपने पहले पब्लिक अपीयरेंस को बेहद सादगी भरा लेकिन प्रभावशाली रखा। दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे एयरपोर्ट की ओर बढ़ते नजर आए और उनके चेहरों पर शादी की खुशी और सुकून साफ झलक रहा था। उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर पैपराजी का अभिवादन किया, जिससे उनकी सादगी ने एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया। दोनों बड़ी स्माइल के साथ आगे आए, इसके बाद एक्ट्रेस ने फ्लाइंग किस दी और फिर दोनों ने मिलकर हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा एक-दूसरे से बाते करने में खोए दिखे और इसी दौरान विजय ने उन्हें अपनी बाहों में भर लिया, फिर दोनों ने साथ मिलकर पैप्स को फ्लाइंग किस दी और एयरपोर्ट के अंदर चले गए।
रश्मिका और विजय का ‘न्यूलीवेड’ लुक
दुल्हन के रूप में रश्मिका मंदाना ने लाल रंग का पारंपरिक इंडियन सूट चुना था, जिसमें वे बेहद खूबसूरत और ग्रेसफुल लग रही थीं। मांग में सिंदूर और चेहरे पर नई दुल्हन वाली चमक ने उनके लुक में चार चांद लगा दिए थे। वहीं विजय देवरकोंडा अपने स्टाइलिश इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में काफी हैंडसम और क्लासी दिख रहे थे। उनकी जोड़ी को देखकर फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें परफेक्ट कपल बता रहे हैं। हाथ में दोनों के अभी भी मौली बंधी थी।
उदयपुर में संपन्न हुआ शाही विवाह
बता दें कि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने गुरुवार 26 फरवरी 2026 को उदयपुर के आलीशान ITC ग्रैंड मेमेंटोस में शादी रचाई। यह समारोह काफी निजी रखा गया था, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। अब जब यह कपल वापस लौट आया है तो सोशल मीडिया पर फैंस उनकी शादी की और अधिक ऑफिशियल तस्वीरों और वीडियो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Spread the love