बारिश के बाद जर्जर मकान भरभरा कर गिरा, चार लोग थे घर में मौजूद
पल पल राजस्थान/ महावीर व्यास

राजसमंद। जिले के कांकरोली थाना क्षेत्र के धोरा मोहल्ला में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया, जहां एक दो मंजिला मकान ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच उस समय हुआ जब मकान में रहने वाला परिवार गहरी नींद में था। मकान में चार सदस्य – करण सिंह, उनकी पत्नी, बड़े भाई गोविंद सिंह और भाभी मंजु कंवर सो रहे थे। सोते समय करण सिंह को छत से कुछ मलबा गिरने की आवाज आई। उन्होंने तुरंत पत्नी को जगाया और दोनों बाहर निकल आए। इसके बाद करण सिंह ने भाई-भाभी को आवाज दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मकान भरभरा कर ढह गया।
गोविंद सिंह और मंजु कंवर मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और दोनों को जैसे-तैसे बाहर निकालकर इलाज के लिए आरके हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन गोविंद सिंह की पहले ही मौत हो चुकी थी। मंजु कंवर की हालत बिगड़ने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।
मकान काफी पुराना और जर्जर स्थिति में बताया जा रहा है। हादसे से कुछ घंटे पहले हुई बारिश के चलते मकान और भी कमजोर हो गया था, जिससे हादसा हुआ। मकान की दूसरी मंजिल केलुपोश (कच्ची निर्माण शैली) थी, जो दबाव नहीं सह सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही कांकरोली पुलिस मय जाब्ते के मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।