राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। आज राज्य के 7 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं 17 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। सीकर, जयपुर सहित कई इलाकों में मंगलवार सुबह 8 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने के साथ दिन में धूप निकलने से लोगों को तेज सर्दी से कुछ राहत मिली। हालांकि सुबह-शाम ठंड का असर बना रहा।
सोमवार को पूर्वी राजस्थान के करौली और भरतपुर के अलावा गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू के इलाकों में कोहरा देखने को मिला। कोटा, बूंदी और बारां क्षेत्रों में धुंध और बादलों का असर रहा। सीकर, पिलानी और फतेहपुर में कोहरे के साथ हल्की सर्द हवाएं चलने से दिन में ठंडक बनी रही और धूप कमजोर रही, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका पाली रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह-शाम कोहरे और हल्की सर्दी का असर जारी रह सकता है।
राजस्थान में बारिश-कोहरे का डबल अलर्ट, कई जिलों में सुबह तक छाया घना धुंधलका
