
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर जहां देशभर में उत्साह का माहौल है, वहीं राजस्थान बीजेपी कार्यालय का एक खास कमरा सियासी गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को स्थायी रूप से कमरा नंबर 5 आवंटित किया गया है, जिसके बाहर अब उनके नाम की नेम प्लेट भी लगा दी गई है।
यह वही कमरा है, जो कभी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से जाना जाता था। प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान से लेकर मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी वसुंधरा राजे इसी कक्ष का उपयोग करती थीं। ऐसे में इस कमरे का फिर से मुख्यमंत्री के पास जाना राजनीतिक हलकों में खास मायने रखता है।
दरअसल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अक्सर पार्टी कार्यक्रमों और बैठकों के लिए बीजेपी कार्यालय पहुंचते रहते हैं। पहले उन्हें हर बार अलग-अलग जगह बैठना पड़ता था, जिससे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद में असुविधा होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अब उनके लिए स्थायी कक्ष तैयार किया गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस कमरे का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि मुख्यमंत्री सीधे संगठन के बीच बैठकर कार्यकर्ताओं से ‘वन-टू-वन’ बातचीत कर सकेंगे। सरकारी आवास या सचिवालय के बजाय पार्टी कार्यालय में बैठने से कार्यकर्ताओं की पहुंच आसान होगी और वे अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक रख पाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है। साथ ही ‘कमरा नंबर 5’ एक बार फिर बीजेपी की सियासत का अहम केंद्र बन गया है।
