
महावीर व्यास
आमेट । उपखंड मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर में आमेट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय टांक ने की, जिन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चुंडावत और उनकी पूरी कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान न्यायिक परिसर कानूनविदों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी से गुलजार रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रावत जयवर्धन सिंह और कुंवर मयूरध्वज सिंह ने शिरकत की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह रत्नु, जिला उद्योग केंद्र राजसमंद के महाप्रबंधक भानु प्रताप सिंह राणावत, तहसीलदार पारसमल बुनकर, नगर पालिका ईओ देवी सिंह राठौड़ और ठाकुर दिलीप सिंह जिलोला उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल और न्याय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
नई कार्यकारिणी में मनोहर लाल खटीक को उपाध्यक्ष, भानु कुमार सोनी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मोहम्मद नूर शेख को सचिव और करण सिंह भाटी को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके साथ ही प्रभु प्रकाश सिंह पंवार (कोषाध्यक्ष), विनोद मेवाडा (सह कोषाध्यक्ष), संदीप वैष्णव (मीडिया प्रभारी), सत्य नारायण व्यास (क्रीड़ा मंत्री), विकास शर्मा (प्रवक्ता), मनीषा वैष्णव (पुस्तकालय सचिव), शांति लाल मेघवाल (सह पुस्तकालय सचिव), साईस्ता खान (सांस्कृतिक सचिव) और अभिलाषा पारिख (सह सांस्कृतिक सचिव) ने भी अपने पद की शपथ ली।
इस गरिमामय अवसर पर एक पुण्य कार्य भी संपन्न हुआ। न्यायालय परिसर में ठाकुर पुष्पेंद्र सिंह (जिलोला) की स्मृति में नवनिर्मित जल मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया गया, जो परिसर में आने वाले पक्षकारों और अधिवक्ताओं के लिए बड़ी राहत बनेगा। कार्यक्रम में राजसमंद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदेव कच्छावा, नरोत्तम जोशी और पूर्व अध्यक्ष प्रमोद लक्ष्कार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और क्षेत्र के प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।

