
भोपाल के कल्पना नगर में एक ट्रैवल्स एजेंसी संचालक, उसके भाई और भाई की महिला मित्र के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पास की बस्ती में रहने वाले लोगों ने पार्किंग विवाद के बाद तीनों को डंडे और बेल्ट से पीटा। महिला मित्र के बाल तक उखाड़ दिए।
यह घटना 16 जनवरी की रात की है, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया है। महिला ने भी एक वीडियो जारी किया है। उसने युवकों को अपना भाई बताया है। महिला का आरोप है कि जब उन लोगों पर हमला किया जा रहा था, तब किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
पिपलानी थाने में दर्ज एफआईआर में फरियादी युवक ने युवती को अपनी दोस्त बताया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
