कानपुर गांव को नगर निगम उदयपुर में जोड़ने का विरोध, ग्रामीणों ने की आदेश वापस लेने की मांग

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

Udaipur News उदयपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर कानपुर गांव को नगर निगम की सीमा में शामिल करने की अधिसूचना को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। आदेश वापस नहीं लेने पर सोमवार को कानपुर के बाजार और गांव को बंद रखने का निर्णय लिया है।
गांव के मुख्य चौक हाटा लक्ष्मी नारायण मंदिर पर शुक्रवार देर रात सर्व समाज की बैठक हुई। इसमें सर्व समाज के लोग, प्रबुद्धजन, युवाओं ओर व्यापारियों ने शामिल होकर आक्रोश जताया।
ग्रामीणों ने बताया की कानपुर की भौगोलिक सांस्कृतिक, वनस्पति और पारिस्थितिक विकास की विरासत को बचाने के लिए विरोध स्वरूप आपत्तियों पर अधिसूचना जारी होने के बाद आपत्तियां दर्ज करवा चुके है। इसके अलावा इसके विरोध में विरोध-प्रदर्शन कर ज्ञापन भी देकर अवगत कराया लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं की गई।

सर्वसम्मति से निर्णय किया गया सोमवार को कानपुर गांव में बंद रखा जाएगा। व्यापारियों ने भी बाजार बंद को समर्थन दिया है। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में सोमवार को जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
कानपुर के पूर्व उप सरपंच मदनलाल डांगी ने बताया कि कानपुर खेड़ा, खरबड़िया, कलड़वास, पाराखेत, भोइयों की पंचोली, मटून, गोवला, जिंक सहित 12 गांव की जनता एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उनकी बात नहीं मानी जाती है तो सब ग्रामीण जयपुर जाकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलेंगे।

Spread the love