बुजुर्ग को किडनैप कर जमीन हड़पने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, उदयपुर में बुजुर्ग की जमीन हड़पने के लिए आरोपियों ने उनका किडनैप कर मारपीट की थी। बुजुर्ग रामा गमेती (65) निवासी हलेला का आरोपियों ने 8 मार्च को अपहरण किया था। मामले में 9 आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। बड़गांव थाने के थानाधिकारी किताब चौधरी ने बताया- आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गिरोह बनाकर षड्यंत्रपूर्वक भोले-भाले लोगों की जमीन चिन्हित कर रजिस्ट्रियां करवाकर धोखाधड़ी कर रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया ये काम किशन मेघवाल निवासी नान्देश्मा सायरा और सुरेश मेघवाल निवासी सुहावतों का गुड़ा के कहने पर किया था। पुलिस अब किशन और सुरेश सहित वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गिरोह ने बुजुर्ग रामा गमेती (65) निवासी हलेला की जमीन की रजिस्ट्री करवाने के ​कागजात पहले से तैयार करवा लिए थे। इसके तहत रामा गमेती की पहले रैकी की। वह कहां जाता है। 8 मार्च 2026 को रामा गमेती पनघट पर पानी लेने गए। तभी कार सवार आरोपियों ने उनको किडनैप कर लिया था। इसके बाद उन्हें लेकर फरार हो गए। उनके साथ मारपीट की और रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया। इसी बीच पुलिस एक्टिव हो गई। इसके बाद आरोपी उन्हें जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी मुकेश गमेती पिता मांगीलाल, अशोक बंजारा पिता भंवरलाल, दीपचंद्र पिता लक्ष्मीलाल, सुरेश पिता लोगर गमेती, पुष्कर पिता मेघाजी गमेती, विजय पिता लालुराम गमेती, प्रकाश पिता तख्ताराम गमेती, प्रवीण पिता पन्नालाल मेघवाल, दिलीप कुमार पिता मोहनलाल गमेती को गिरफ्तार किया है।

बुजुर्ग की जमीन हड़पना चाहते थे बदमाश

थानाधिकारी किताब देवी ने बताया- बुजुर्ग रामा गमेती को बदमाश कार में डालकर लेकर गए थे। रामा गमेती अपने घर से कुछ दूरी पर पानी भर रहा था। इस दौरान एक कार में सवार कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने कार से उतरते ही मारपीट करना शुरू कर दिया और बुजुर्ग को कार में पटककर ले गए। आस-पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश भाग गए।

परिजनों के अनुसार- आरोपियों ने कार में बैठाकर भी उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फर्जी रजिस्ट्री का दबाव बनाया। इतना ही नहीं परिवार के अन्य सदस्यों को भी खत्म कर देने की धमकी दी गई। हालांकि कुछ देर बाद रामा गमेती को एक सुनसान जगह पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे।

घटना के बाद परिजनों ने बड़गांव थाने में लिखित रिपोर्ट दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस के अनुसार बदमाशों की नजर बुजुर्ग की जमीन पर थी और जबरन फर्जी रजिस्ट्री कराना चाहते थे। समय पर पुलिस एक्टिव हो गई, जिस वजह से बदमाशों का प्लान फेल हो गया।

Spread the love