पल पल राजस्थान

जयपुर। राजस्थान में अपने घर का सपना देख रहे हजारों परिवारों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राजस्थान आवासन मंडल (RHB) प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण शहरों— झालावाड़, कोटपूतली और जोधपुर में नई भव्य आवासीय योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी पूरी कर चुका है। मंगलवार को जयपुर स्थित मंडल मुख्यालय में आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा की अध्यक्षता में हुई मैराथन बैठक में इन योजनाओं के ब्लूप्रिंट पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। बोर्ड का लक्ष्य इस बार केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि एक ‘कंप्लीट लाइफस्टाइल’ देना है, जिसमें सुरक्षा, सुविधा और आधुनिकता का बेजोड़ संगम होगा।
अधिकारियों को सख्त निर्देश: फाइलों से निकलकर धरातल पर दिखें योजनाएं
बैठक के दौरान आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा का रुख काफी सख्त और विजनरी रहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न आय वर्गों (LIG, MIG, HIG) की जरूरतों और बजट को ध्यान में रखते हुए ऐसी योजनाएं तैयार की जाएं जो किफायती होने के साथ-साथ गुणवत्ता में भी अव्वल हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि मंडल का उद्देश्य सिर्फ ईंट-पत्थर के ढांचे खड़े करना नहीं है, बल्कि नागरिकों को एक सुरक्षित और आधुनिक मानकों वाला समग्र आवासीय वातावरण प्रदान करना है। इन योजनाओं में चौड़ी सड़कें, पार्क, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और लाइटिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
अब घर बैठे बुक होंगे सामुदायिक भवन, डिजिटल होने जा रहा है हाउसिंग बोर्ड
आमजन को दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाने के लिए हाउसिंग बोर्ड अब पूरी तरह डिजिटल अवतार में नजर आएगा। बैठक में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि मंडल की ज्यादा से ज्यादा सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लाया जाए। इसी कड़ी में सामुदायिक भवनों की बुकिंग प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने पर तेजी से काम चल रहा है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम आदमी को त्वरित और सरल सेवा मिल सकेगी। आने वाले कुछ ही हफ्तों में इन योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया और लॉटरी की तारीखों का ऐलान होने की संभावना है, जिससे प्रॉपर्टी बाजार में भी नई जान आने की उम्मीद है।
