नसीराबाद में 33 एकड़ का ट्रेंचिंग ग्राउंड होगा प्रदूषण मुक्त

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने किया वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का उद्घाटन

नसीराबाद। छावनी परिषद नसीराबाद ने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रामसर रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में दशकों से जमा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नवनिर्मित अपशिष्ट प्रबंधन इकाई (Waste Management Unit) का भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और सांसद भागीरथ चौधरी, दक्षिणी कमांड पुणे के प्रधान निदेशक सी. रविंद्रा और सीईओ डॉ. नीतिश गुप्ता ने फीता काटकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही शहर के युवाओं के लिए लाल डिग्गी क्षेत्र में नए खेल मैदान का शिलान्यास भी किया गया।

33 एकड़ में फैले कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) डॉ. नीतिश गुप्ता ने बताया कि यह प्रोजेक्ट नसीराबाद के लिए दूरगामी परिणाम वाला साबित होगा। लगभग 33 एकड़ क्षेत्र में फैले पुराने कचरे (Legacy Waste) को वैज्ञानिक पद्धति से अलग-अलग किया जाएगा। इसमें से प्लास्टिक, मिट्टी और जैविक अपशिष्ट को पृथक कर निस्तारित किया जाएगा, जिससे वर्षों से दबी जमीन फिर से उपयोग के लायक हो सकेगी।

किसानों को मिलेगी जैविक खाद, नसीराबाद बनेगा सुंदर

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि इस इकाई से न केवल शहर की गंदगी साफ होगी, बल्कि इससे तैयार होने वाली जैविक खाद किसानों के लिए वरदान साबित होगी। वहीं दक्षिणी कमांड के प्रतिनिधि सी. रविंद्रा ने कचरे को संसाधन में बदलने की इस चुनौती को स्वीकार करने पर परिषद की टीम को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान परिषद सदस्य सुशील गदिया ने नसीराबाद में मकानों के पट्टे जारी करने और लोन प्रक्रिया को सुगम बनाने की मांग भी उठाई।

खेल प्रेमियों को सौगात: बनेगा आधुनिक खेल परिसर

अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के उद्घाटन के बाद अतिथियों ने लाल डिग्गी के उत्तर दिशा में स्थित मैदान का शिलान्यास किया। इस जगह को आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर रक्षा संपदा अधिकारी अनुज गोयल, परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Spread the love