पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
उदयपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री गिरिजा व्यास के निधन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा, राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष शांता प्रिंस, सेवा दल की पूर्व अध्यक्ष शारदा मीणा, यास्मीन बानो और महिला कांग्रेस की पूरी टीम ने गिरिजा व्यास के आवास पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने कहा कि गिरिजा व्यास न केवल एक सशक्त राजनेता थीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए हमेशा अग्रणी रहीं। उनका संगठन और जनता के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
महिला कांग्रेस की ओर से कहा गया कि गिरिजा व्यास की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। उनका योगदान, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व हमेशा स्मरणीय रहेगा।