
अलवर। अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां भर्ती मरीजों को दी गई खिचड़ी में लंबे-लंबे कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। जैसे ही मरीजों और उनके परिजनों ने खाने के पैकेट खोले, खिचड़ी में कीड़े नजर आए, जिसके बाद उन्होंने भोजन फेंक दिया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
परिजनों का कहना है कि वे मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हैं, लेकिन यहां मिलने वाला खाना ही उनकी सेहत के लिए खतरा बन गया है। उनका आरोप है कि अगर यह खिचड़ी मरीज खा लेते तो उनकी तबीयत और बिगड़ सकती थी।
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन से शिकायत की गई है। वहीं घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है।
अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी पीसी सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीएमओ ने संबंधित स्टाफ को भी चेतावनी दी है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं और मरीजों में भय व आक्रोश का माहौल है।
