होटल में ज्वेलर व्यापारी ने की आत्महत्या, दो पार्टनर्स पर लगाए गंभीर आरोप

पल पल राजस्थान

जोधपुर। जोधपुर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में एक होटल की लॉबी में एक व्यापारी बेहोश होकर गिर पड़ा और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रेमाराम ने संभवतया विषाक्त पदार्थ खा लिया था।, लेकिन जो वजह सामने आई है, वह मानसिक शोषण और धोखाधड़ी की एक दर्दनाक कहानी बयां करती है।

यह घटना बुधवार की सुबह जोधपुर के कल्पतरु शॉपिंग सेंटर स्थित होटल सिल्वर की है, जहाँ 33 वर्षीय प्रेमाराम भादू, जो बेंगलुरु से जोधपुर आया था, अचानक होटल की लॉबी में गिर पड़ा।

होटल स्टाफ ने उसे तत्काल मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शास्त्री नगर थाना अधिकारी जुल्फीकार अली ने बताया कि मृतक के कपड़ों की तलाशी में एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें दो नामों रावताराम और मूलाराम का जिक्र किया गया है।

प्रेमाराम के भाई महेंद्रराम ने बताया कि प्रेमाराम बेंगलुरु में कमल ज्वेलर्स के नाम से रावताराम और मूलाराम के साथ पार्टनरशिप में ज्वेलरी का व्यवसाय करता था।

लगभग 8 महीने पहले हिसाब-किताब करने पर पता चला कि 40 लाख रुपए बकाया हैं, जो दोनों पार्टनर ने 6 महीने में लौटाने का वादा किया था। लेकिन इसके बाद से ना केवल रकम लौटाने में टालमटोल की गई, बल्कि धमकियां भी दी जाने लगीं।

सुसाइड नोट में प्रेमाराम ने लिखा:
“मैं बहुत परेशान हो चुका हूँ। कर्ज में डूबा हूँ। रावताराम और मूलाराम ने मुझे मानसिक रूप से इस हद तक तोड़ दिया है कि मेरे पास अब आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा।”

परिवार का आरोप है कि यह सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। पुलिस ने मामला आत्महत्या के लिए उकसाने के तहत दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Spread the love