चित्तौड़गढ़ में ड्रग्स के सबूत मिटाने गाड़ी में लगाई आग:सीबीएन की दो कार्रवाई में लाखों का नशा जब्त, 2 गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम को एक ही दिन में 2 सफलताएं मिली हैं। इन कार्रवाइयों में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा और अफीम जब्त की गई है। पहली कार्रवाई गंगरार उपखंड क्षेत्र के मान सिंह जी का खेड़ा गांव में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक बाड़े पर छापा मारा।

सूचना मिली थी कि वहां बड़ी मात्रा में डोडा चूरा छिपाकर रखा गया है। जब टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश में बाड़े में खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी। आग लगने से वहां बंधे मवेशियों की जान को भी खतरा हो गया। स्थिति गंभीर देखकर नारकोटिक्स के एक जवान ने हिम्मत दिखाई और करीब 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया।

इसके बाद उसने अंदर से गेट खोला, जिससे बाकी टीम भी अंदर पहुंच सकी। आग से घबराए भैंसों को खोलकर सुरक्षित बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

तलाशी के दौरान मौके से 323.630 किलोग्राम डोडा चूरा और एक लग्जरी गाड़ी जब्त किया गया। जब्त डोडा चूरे की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Spread the love