पल पल राजस्थान
हिमाचल प्रदेश। हिमाचल में लैंडस्लाइड के कारण प्रदेशभर की 129 सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद हो चुका है। अब तक मानसून में 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बीते 24 घंटे में 3 की जान गई है।
मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर थलौट के पास भुभु जोत टनल के पास सोमवार सुबह जबरदस्त लैंडस्लाइड हुआ। टनल के भीतर कई वाहन फंस गए। राहत और बचाव कार्य जारी है।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने हिमाचल के चार जिलों में स्कूलों को आज बंद रखने का फैसला किया है।
बिहार से भी मानसून की मार की तस्वीरें सामने आ रही हैं। भोजपुर, बक्सर और नालंदा में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई है।
वहीं, गया के इमामगंज में रविवार को लगुराही वाटरफॉल में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया, जिसमें 6 लड़कियां तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होगी। उत्तराखंड और झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 12 राज्यों में तेज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और 17 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
