सोना-चांदी लुढ़के रिकॉर्ड तोड़ अंदाज़ में, उदयपुर के बाजार में निवेशकों को बड़ा झटका

उदयपुर के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आई भारी गिरावट का सीधा असर उदयपुर के स्थानीय बाजार पर पड़ा, जहाँ प्रॉफिट बुकिंग के चलते निवेशकों ने बड़े पैमाने पर बिकवाली की। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, उदयपुर के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में एक ही दिन में 40,638 रुपए की भारी कटौती देखी गई, जिसके बाद एक किलो चांदी का भाव 3,39,350 रुपए पर आ गया। इसी तरह, सोने की कीमतों में भी 9,545 रुपए की कमी आई और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,65,795 रुपए पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद ग्राहकों की फिजिकल डिमांड कमजोर पड़ गई थी, जिससे बाजार में यह करेक्शन देखने को मिला है।​स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, उदयपुर का हाजिर बाजार शाम 5 बजे बंद हो जाता है, जिसके कारण यहां वायदा बाजार (MCX) की तुलना में कीमतों में गिरावट का आंकड़ा थोड़ा कम रहा। गौरतलब है कि वायदा बाजार रात 12 बजे तक खुला रहता है, जहां चांदी 27% गिरकर 2.91 लाख रुपए और सोना 12% गिरकर 1.49 लाख रुपए तक पहुंच गया था। शहर के घंटाघर और बड़ा बाजार जैसे प्रमुख सर्राफा क्षेत्रों में इस भारी गिरावट के बाद ग्राहकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जहां एक ओर भारी कीमतों से परेशान शादी-ब्याह वाले परिवारों को इस गिरावट से कुछ राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर ऊंचे दाम पर सोना खरीदने वाले निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। आने वाले दिनों में स्थानीय बाजार में और अधिक उतार-चढ़ाव रहने की संभावना जताई जा रही है।

Spread the love