
उदयपुर नगर निगम के प्रयासों से शहर को मिली नई हरियाली की सौगात
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में इन दिनों हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों की बहार देखने को मिल रही है। शहर के प्रमुख उद्यान अरावली वाटिका , गुरु गोबिंद सिंह पार्क और हेडगेवार पार्क में आकर्षक फूलवारी लगाई गई है, जिसने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का मन मोह लिया है।
उदयपुर नगर निगम द्वारा इन उद्यानों का सौंदर्यीकरण किया गया है। रंग-बिरंगे मौसमी फूलों, सुव्यवस्थित हेज (झाड़ियों), हरी-भरी घास और स्वच्छ पाथवे ने पार्कों की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। सुबह-शाम सैर करने आने वाले लोगों ने इस पहल की सराहना की है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से नियमित रूप से सफाई, पौधारोपण और रखरखाव कार्य किए जा रहे हैं। पार्कों में आधुनिक लाइटिंग, बैठने की बेहतर व्यवस्था भी विकसित की गई हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन प्रयासों से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि शहर की छवि भी निखर रही है। अरावली वाटिका, गुरु गोबिंद सिंह पार्क और हेडगेवार पार्क अब परिवारों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पसंदीदा स्थल बनते जा रहे हैं।
उदयपुर नगर निगम की यह पहल “स्वच्छ एवं सुंदर उदयपुर” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में शहर के अन्य उद्यानों को भी इसी प्रकार विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।
