पल पल राजस्थान
Ajmer News अजमेर में नगर निगम की ओर से सोमवार को सम्राट अशोक की सवारी निकाली गई। सम्राट ने 50 क्विंटल से ज्यादा लाल गुलाल से शहरवासियों के साथ होली खेली। इस बार की सवारी में गेर नृत्य मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा। नगर निगम अजमेर की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सम्राट अशोक की भव्य सवारी निकाली गई। सवारी सोमवार को नगर निगम प्रांगण से प्रारंभ होकर चूड़ी बाजार, गोल प्याऊ, नया बाजार चौपड़, बादशाह बिल्डिंग, आगरा गेट, गणेशजी का मंदिर होते हुए सोनीजी की नसियां से होकर दौलत बाग चौराहे पर समाप्त हुई। सम्राट अशोक अपने पूरे लवाजमे के साथ सवारी लेकर शहर में निकले। सवारी में सबसे आगे गेर नृत्य करती हुई टोली चली, उसके पीछे घोड़ियों पर पार्षद बैठकर चले। महिला पार्षद एवं महिला अधिकारियों के लिए 3 बग्घियों की व्यवस्था की गई। सवारी में बैंड एवं ढोल ताशे वालों की टोलियां भी रही। सम्राट अशोक नगर निगम के ट्रक पर सवार थे। इसी के साथ ही सम्राट अशोक के मंत्री चित्रांशु भी अपने लवाजमे के साथ होलीधड़ा से निकले तथा नया बाजार चौपड़ पर दोनों सवारियों का मिलन हुआ।