
Udaipur के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक युवक ने देर रात जमकर उत्पात मचाया। जाड़ा गणेशजी चौक स्थित होटल दुर्ग विला के बाहर बुधवार रात करीब 10:30 बजे युवक ने एक होटल संचालक की कार पर भारी पत्थर मारकर उसका पिछला कांच तोड़ दिया। गनीमत रही कि कार में पीछे कोई बैठा नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कार होटल मंदिरम पैलेस के संचालक आशीष रामस्नेही की थी। उन्होंने अंबामाता थाने में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
होटल संचालक आशीष रामस्नेही ने बताया कि ओल्ड सिटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में होटल और रेस्टोरेंट होने के कारण शाम के समय भारी जाम लगता है। उनकी कार भी जाम में फंसी हुई थी। इसी दौरान एक युवक स्कूटर लेकर आया, कार के पास खड़ा हुआ और अचानक गाली-गलौज करते हुए कार हटाने को कहा। जब उन्होंने कार हटाने की कोशिश की, तभी युवक ने पीछे से बड़ा पत्थर उठाकर कार के कांच पर दे मारा।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय पास ही एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और उसे मौके से जाने दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन असामाजिक तत्व शराब के नशे में इस तरह का उत्पात मचाते हैं, जिससे पर्यटक भी परेशान होते हैं।
