किशनपोल चौकी में डिप्टी एसपी कार्यालय शुरू, सुरक्षा निगरानी को मिली मजबूती

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से किशनपोल चौकी परिसर में डिप्टी एसपी के नए कार्यालय का आज औपचारिक उद्घाटन किया गया। नवस्थापित कार्यालय का उद्घाटन जिला कलेक्टर नमित मेहता, पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल एवं उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, भाजपा व कांग्रेस के कई नेता, पुलिस विभाग और प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। बताया गया कि किशनपोल और खांजीपीर क्षेत्र लंबे समय से शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में गिने जाते हैं। डिप्टी एसपी कार्यालय के यहीं संचालित होने से पुलिस की निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। अधिकारियों ने कहा कि नए कार्यालय से न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और विश्वास भी बढ़ेगा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए एक अहम कदम बताया।

Spread the love