अजमेर में पुलिस के सामने मॉल और बाजारों में तोड़फोड़, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

पल पल राजस्थान

Ajmer News पुलिस की मौजूदगी में अजमेर के सिटी स्क्वॉयर, मीराज मॉल और अन्य बाजारों में वकीलों ने जमकर तोड़फोड़ की। बंद के दौरान मुठ्‌ठी भर पुलिस के जवान वकीलों को रोकने में असफल रहे। उधर, दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में वकील अजमेर कोर्ट के पास इकट्‌ठे हुए हैं। जयपुर-अजमेर रोड को जाम कर दिया है। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। बंद के दौरान अजमेर रेलवे स्टेशन के सामने होटल और दुकान खुली देख वकील भड़क गए। उन्होंने दुकान-होटल की जाली पर डंडे मारे। दुकानों के सामान भी फेंक दिए। इस दौरान कुछ वकील गुस्साए साथियों को शांत कराते भी नजर आए। उधर, पुष्कर और नसीराबाद के बाजार भी पूरी तरह से बंद हैं। पुष्कर में सीनियर एडवोकेट पुरुषोत्तम जाखेटिया की हत्या के विरोध में आज (शनिवार) अजमेर, पुष्कर, नसीराबाद और ब्यावर बंद है। केवल मेडिकल स्टोर, स्कूल और पेट्रोल पंप को छूट रहेगी। बिजयनगर गैंगरेप-ब्लैकमेल कांड के विरोध में एक मार्च को भी अजमेर शहर बंद रखा गया था। एक हफ्ते में यह दूसरा मौका है, जब बंद का ऐलान किया गया है। वकीलों ने अजमेर के पुष्कर रोड और सिने वर्ल्ड स्थित शराब ठेकों में भी हंगामा किया। एक ठेका संचालक और मौके पर शराब पी रहे युवक की पिटाई की। रामगंज चौराहे (अजमेर) से गुजर रहे टेम्पो को रुकवाया और सवारियों को नीचे उतरवाया गया। वकील ब्यावर रोड स्थित सब्जी मंडी पहुंचे। यहां भी दुकानें खुली थीं। गुस्साए वकीलों ने मंडी बंद कराई। एक वकील के हाथ में डंडा था। पुलिसकर्मियों के साथ इसको लेकर छीना-झपटी भी हुई। इससे आंदोलनकारी भड़क गए और पुलिस से झड़प हो गई।

अजमेर के पंचशील स्थित सिटी स्क्वायर मॉल में भी वकीलों ने शनिवार को तोड़फोड़ की।
अजमेर में वकीलों ने शनिवार सुबह-सुबह रैली निकाली। इसके बाद पांच टोलियों में अलग-अलग इलाकों के लिए निकले।

जानिए क्या था पूरा मामला

  • 2 मार्च की रात करीब 1.45 बजे बूढ़ा पुष्कर रोड स्थित संस्कार गार्डन के सामने घटना हुई। शराब के ठेके के पास 8-10 युवक गाड़ी में तेज आवाज में डीजे बजाकर बीच सड़क पर नाच रहे थे।
  • पड़ोस में रहने वाले सीनियर एडवोकेट पुरुषोत्तम जाखेटिया ने इसका विरोध किया और डीजे बंद करने को कहा। इस पर नशे में धुत बदमाशों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया।
  • उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। शुक्रवार रात हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
  • पुलिस ने घायल एडवोकेट के भतीजे अंकुश की रिपोर्ट पर डीजे वाहन चालक और पिकअप सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
  • शुक्रवार देर रात तक साथी वकील जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे रहे।
  • वकीलों ने शव लेने से भी इनकार कर दिया है। इससे पहले शुक्रवार सुबह कोर्ट में भी जमकर हंगामा हुआ।
  • कोर्ट पहुंचे और वहां लोगों और पुलिसकर्मियों को बाहर निकाल दिया। कोर्ट के अंदर की दुकानों को भी बंद करा दिया था।
Spread the love