पल पल राजस्थान
जोधपुर। जोधपुर में गुरुवार रात लूणी थाना क्षेत्र में एक शिकारी ने हिरण को गोली मार दी। घायल हिरण ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया। वन्यजीव प्रेमियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है, और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
घटना लूणी थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां गुरुवार रात किसी अज्ञात शिकारी ने हिरण को गोली मार दी। गोली लगते ही हिरण बुरी तरह घायल हो गया। आसपास के लोगों को जैसे ही वारदात का अहसास हुआ, शिकारी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल हिरण ने कुछ देर बाद तड़पते हुए दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने इस दर्दनाक घटना की जानकारी खेजड़ली रेस्क्यू सेंटर को दी।
रेस्क्यू सेंटर के घेवर राम ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और हिरण के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम ने पोस्टमॉर्टम कर यह स्पष्ट कर दिया कि हिरण की मौत गोली लगने से हुई है।
वन्यजीव प्रेमियों और ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि यह केवल शिकार नहीं, बल्कि जंगल के कानून और भावना की हत्या है। लोगों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के शक के अनुसार आरोपी कोई स्थानीय व्यक्ति हो सकता है। फिलहाल आसपास के इलाकों में पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी शिकारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।