
चित्तौड़गढ़ नव निर्वाचित जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर ने शनिवार को पद भार ग्रहण किया। इसके बाद इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में समारोह का आयोजन हुआ। कार्य भार ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा न तो सामने से और न ही पीछे से एकता का संदेश दे पाई। विधानसभा चुनावों के बाद सामने आई परिस्थितियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही। समरोह में कई चुने हुए जनप्रतिनिधि नहीं दिखे। ऐसा लगा जैसे आमने सामने और फ्रेम में आने से नेता बचते दिखे। समारोह में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल कांग्रेस पर जम कर बरसे। समारोह में अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में हमेशा विचार प्रधान संगठन को महत्व दिया जाता रहा है। वहीं चित्तौड़ तो जनसंघ की कार्यशाला तक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन कर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करने के लिए दुनिया की सबसे बड़ी ताकत भी आज कतार में खड़ी है। 2047 के संकल्प के लिए अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में प्रदेश की भजनलाल सरकार द्वारा अपने संकल्प के 65 प्रतिशत कार्यों को पूरा कर लिया है। वहीं प्रदेश में तेज गति से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को कांग्रेस मुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा। जिला प्रभारी हेमंत लांबा ने कहा कि भाजपा विचारधारा की पार्टी है, जिसमें कार्यकर्ताओं की हमेशा अहमियत रही है। यही कारण है कि पदों के आगे पूर्व लग जाये पर कार्यकर्ता के आगे पूर्व नहीं लगता। जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर ने कहा कि उनके पास समय कम है, लेकिन कम समय में सभी जनप्रतिनिधियों का आशीर्वाद लेकर वे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाएंगे। पूर्व केबिनेट मंत्री और विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आगामी निकाय चुनाव में एकजुट होकर कड़ी मेहनत के साथ भाजपा को जिताने का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम में विधायक अर्जुन लाल जीनगर, चंद्रभान सिंह आक्या, पूर्व बद्रीलाल जाट, अशोक नवलखा, भैरू सिंह चौहान, डॉ. आई एम सेठिया, अशोक चंडालिया, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला जीनगर, श्रवण सिंह राव सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।