उदयपुर में 3 दुकानों और गोदामों पर कार्रवाई, लाखों का यूडी टैक्स बकाया

पल पल राजस्थान – हर्ष जैन

Udaipur News उदयपुर नगर निगम ने आज यूडी टैक्स वसूली के तहत शहर के विभिन्न बाजारों में कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों और एक गोदाम को सीज कर दिया। निगम की टीम ने यह कदम शहर में टैक्स बकाया होने के कारण उठाया है।

बापू बाजार में सीज की गईं दुकानें
नगर निगम ने बापू बाजार में स्थित एक कॉमर्शियल रेस्टोरेंट को सीज किया, जिस पर करीब 5,79,317 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। इसके अलावा, बापू बाजार में ही एक और दुकान को सीज किया गया, जिस पर करीब पांच लाख रुपए से अधिक का टैक्स बकाया था।

लोहा बाजार में गोदाम और दुकान सीज
इसके अलावा, लोहा बाजार में स्थित एक गोदाम और एक दुकान को भी सीज किया गया है। इन पर करीब 8.30 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया था।

आयुक्त की चेतावनी
नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश ने कहा कि नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) सरकार द्वारा हर हाल में वसूला जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने एक वर्ष के लिए इस टैक्स पर छूट प्रदान की है, जिसका लाभ लेकर व्यापारियों को अपनी टैक्स राशि समय पर जमा करानी चाहिए। नगर निगम की यह कार्रवाई नगर में यूडी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाए जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Spread the love