कुएं में डूबने से युवती की मौत, दादी के साथ खेत गई थी, अचानक लगा दी छलांग

उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवती की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान वर्षा मंदावत के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 8 साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वर्षा अपनी दादी के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत पर गई थी। दादी भैंस का दूध निकालने में व्यस्त थी, इसी दौरान वर्षा चुपचाप कुएं के पास पहुंची और अपनी चप्पल उतारकर उसमें कूद गई।

कुछ देर बाद जब दादी ने उसे आसपास नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की। कुएं के पास उसकी चप्पल पड़ी मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रस्सियों की मदद से युवती को बाहर निकालने की कोशिश की और कुएं का पानी मोटर से निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर से नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम कानोड़ पहुंची। करीब सुबह 10 बजे टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती के शव को कुएं से बाहर निकाला।

शव को कानोड़ के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Spread the love