जयपुर में महिला से छेड़छाड़ कर रहे युवक ने काटा खुद का गला, अस्पताल में हुई मौत

पल पल राजस्थान

जयपुर। जयपुर के झोटवाड़ा इलाके से एक घटना सामने आई है। महिला से छेड़छाड़ कर रहे युवक को जब लोगों ने पकड़ लिया, तो उसने पेपर कटर से खुद का गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे झोटवाड़ा क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय आनंद शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलवर के बानसूर का रहने वाला था और इन दिनों झोटवाड़ा के जोशी मार्ग पर रह रहा था।

एसएचओ राजेंद्र सिंह के अनुसार, आनंद एक सप्ताह से इलाके की एक महिला सफाईकर्मी का पीछा कर रहा था और लगातार छेड़छाड़ कर रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी थी, जिसने निगरानी शुरू कर दी थी।

आज सुबह जब आनंद ने फिर से छेड़छाड़ की, तो महिला के पति ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कहासुनी के बाद युवक वहां से भागा, लेकिन शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया।

इसके बाद जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। लोगों के बीच में आनंद ने जेब से पेपर कटर निकाला और खुद के गले पर चार–पांच बार वार किया। खून तेजी से बहने लगा। वह चिल्लाता हुआ बोला—”आओ अब पकड़ो!” और हाथ में पेपर कटर लिए वह भीड़ के पीछे दौड़ने लगा।

करीब 20 मीटर भागने के बाद वह निढाल होकर सड़क किनारे गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आनंद शर्मा पहले भी हत्या के एक मामले में तिहाड़ जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। फिलहाल पुलिस एफएसएल टीम की मदद से जांच कर रही है और दिल्ली में उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *